बोकारो , मार्च 08 -- झारखंड में बोकारो जिले के हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर 8/सी स्थित राय चौक में अचानक आग लगने से दो जनरल स्टोर जलकर राख हो गया।
आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दोनों दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। घटना में आर के जनरल स्टोर और पवन जेनरल स्टोर में रखा लाखों रुपये का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि सुबह लोगों ने दुकानों से धुआं निकलते देखा। इसके बाद आसपास के लोगों ने तुरंत सूचना दी और फायर ब्रिगेड को फोन किया। सूचना मिलते ही झारखंड अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन विभाग के राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दमकल की दो गाड़ियां घटनास्थल पर भेजी गईं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। आग पर काबू पाने के लिए पहले दुकानों का शटर तोड़कर खोला गया, उसके बाद अंदर लगी आग को बुझाया गया। इस दौरान आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
दुकान मालिकों के अनुसार घटना के समय वे घर पर सो रहे थे। उन्हें फोन के माध्यम से जानकारी मिली कि उनकी दुकान से धुआं निकल रहा है। जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। आर के जनरल स्टोर के मालिक रंजीत कुमार गुप्ता उस समय रांची गए हुए थे।
रंजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि आग लगने से लगभग चार से पांच लाख रुपये के सामान का नुकसान हुआ है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
कुछ लोग शॉर्ट सर्किट को आग की वजह बता रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि दुकान के पीछे झाड़ियों में सफाई के दौरान आग लगाई गई थी, जो फैलकर दुकानों तक पहुंच गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित