भरतपुर , मई 01 -- राजस्थान में करौली में शुक्रवार को जाटव-बैरवा समाज के 18वें सामूहिक विवाह सम्मेलन में वैदिक मंत्रोच्चार और सात फेरों के साथ 21 जोड़े विवाह बंधन में बंध गए।

शहर के एक मैरिज गार्डन में हर्षोल्लास के साथ आयोजित इस सामूहिक विवाह सम्मेलन में भारी संख्या में मौजूद समाज के लोगों ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद दिया और भामाशाहों और आयोजन समिति ने उन्हें घरेलू उपयोग का सामान, कपड़े और जेवर भेंट करके नए जीवन की शुरुआत को यादगार बनाया।

कार्यक्रम में आये अतिथियों ने सामूहिक विवाह सम्मेलन को सामाजिक समरसता और आर्थिक बचत का श्रेष्ठ माध्यम बताया। उन्होंने समाज के लोगों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और अनावश्यक खर्चों से बचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मानव सेवा और सहयोग से आत्मिक संतोष प्राप्त होता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित