बैतूल , अप्रैल 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अप्रैल माह में ही गर्मी ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जो सामान्य से 3 से 4 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने 17 अप्रैल से अगले करीब 10 दिनों तक हीट वेव चलने की संभावना जताई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.2 डिग्री दर्ज किया गया। एक दिन पहले 15 अप्रैल को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। दिन और रात के तापमान में करीब 20 डिग्री का अंतर होने से गर्मी का असर अधिक महसूस किया जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार बैतूल में अप्रैल का सामान्य अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री रहता है, जबकि इस वर्ष यह 41 से 42 डिग्री तक पहुंच गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि इतनी तीव्र गर्मी आमतौर पर मई-जून में देखने को मिलती है, लेकिन इस बार अप्रैल में ही हालात गंभीर हो रहे हैं।
रिकॉर्ड के अनुसार बैतूल में अधिकतम तापमान मई 1989 में 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए जिले को हीट जोन की श्रेणी में माना जा रहा है और आने वाले दिनों में रात में भी राहत कम मिलने की संभावना है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नागरिकों को दोपहर में धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित