बैतूल , मार्च 28 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के ग्राम सेहरा निवासी भारतीय सेना के सेवारत सूबेदार दयानंद लिल्होरे का उपचार के दौरान निधन हो गया। शनिवार को उनके पैतृक गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सूबेदार लिल्होरे भारतीय सेना की ईएमई फोर्स में पदस्थ थे और ग्वालियर में सेवाएं दे रहे थे। वे 9 मार्च को पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने अपने गांव आए थे, इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। प्रारंभिक उपचार बैतूल में कराया गया, इसके बाद उन्हें नागपुर और फिर ग्वालियर ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर दिल्ली के आर्मी रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 26 मार्च को उनका निधन हो गया।

भारतीय सेना द्वारा उनका पार्थिव शरीर दिल्ली से नागपुर लाया गया और वहां से सड़क मार्ग से बैतूल पहुंचाया गया। शहीद भवन में अंतिम दर्शन के बाद पार्थिव शरीर को ग्राम सेहरा ले जाया गया, जहां सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में उमड़े जनसैलाब ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। सेना के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित