बैतूल , अप्रैल 2 -- मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम संभागायुक्त कृष्ण गोपाल तिवारी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट बैतूल में विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में दर्ज कर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

संभागायुक्त ने ई-ऑफिस प्रणाली को पूरी तरह लागू करने पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य इसी माध्यम से संचालित हों, जिससे पारदर्शिता और मॉनिटरिंग बेहतर हो सके। साथ ही लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश भी दिए गए।

शिक्षा विभाग की समीक्षा में उन्होंने ई-अटेंडेंस अनिवार्य करने की बात कही और स्पष्ट किया कि उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई की जाएगी तथा वेतन भी रोका जा सकता है। निशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण और लंबित सेवा प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश भी दिए गए।

स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन में कमी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी महिला पंजीयन से वंचित न रहे। एनीमिया, टीबी और सिकल सेल उन्मूलन अभियानों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए पेयजल आपूर्ति सुचारू रखने के निर्देश दिए। संभागायुक्त ने नगरीय निकायों को स्वच्छता, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ जर्जर भवनों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित