बैतूल , मार्च 23 -- शहीद दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में देशभक्ति और जनजागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला, जहां 'मेरा युवा भारत अभियान' के तहत लगभग तीन किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली गई। इस आयोजन के साथ तीन दिवसीय कार्यक्रम का समापन भी हुआ।

पदयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, सेवानिवृत्त सैन्यकर्मियों और 'माय भारत' के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम्" जैसे नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर रहा।

कार्यक्रम में महान स्वतंत्रता सेनानियों भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने उनके बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत 21 मार्च को "एक योद्धा ऐसा भी" विषय पर रील प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें युवाओं ने रचनात्मक और प्रेरणादायक प्रस्तुतियां दीं। वहीं 22 मार्च को आयोजित स्वच्छता सम्मान कार्यक्रम में समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया।

आयोजकों के अनुसार अभियान का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और जागरूकता को बढ़ावा देना है, ताकि वे समाज और देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझ सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित