बैतूल , मार्च 24 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में वारंटियों की धरपकड़ के अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने छह लंबित वारंट तामील किए, जिनमें तीन स्थायी और तीन गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर 22 मार्च को संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना पुलिस ने टीम गठित कर कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में गणेश पांसे (38) निवासी देशबंधु वार्ड टिकारी, संजू उईके (22) निवासी प्रताप वार्ड टिकारी तथा विशाल उईके (27) निवासी भयावाड़ी शामिल हैं। इनमें संजू उईके के खिलाफ स्थायी और गिरफ्तारी दोनों प्रकार के वारंट लंबित थे।

इसके अलावा दो अन्य मामलों में न्यायालय से वारंट निरस्तीकरण के आदेश प्राप्त हुए हैं। इनमें इंदिरा उर्फ ईंदु बारसे (40) निवासी छुरी पाढर और नितिन हजारे (35) निवासी विकास नगर गंज शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत न्यायालय में पेश किया गया है। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक देवकरण डेहरिया सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित