बैतूल , अप्रैल 12 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में प्रशासनिक इतिहास का अनोखा अध्याय जुड़ गया, जब वर्ष 2017 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने रविवार को कलेक्टर पद का कार्यभार ग्रहण किया। यह पहली बार है कि जिले में किसी कलेक्टर ने अवकाश के दिन पदभार संभाला।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुपालन में डॉ. सोनवणे ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट, संयुक्त कलेक्टर श्री मकसूद अहमद, एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. सोनवणे ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से मुलाकात कर प्रशासनिक संरचना, प्रगतिरत योजनाओं और निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागवार रोस्टर निर्धारित कर योजनाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि विकास कार्यों में गति लाई जा सके।
डॉ. सोनवणे इससे पूर्व नगर निगम रीवा के आयुक्त सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कलेक्टर कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित