बैतूल , फरवरी 07 -- मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं को लेकर जिले में तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

शुक्रवार को उत्कृष्ट विद्यालय परिसर से परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री का वितरण कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू किया गया। पहले दिन जिले के 112 परीक्षा केंद्रों के लिए प्रश्नपत्र और अन्य सामग्री वितरित की गई। शेष केंद्रों की सामग्री आज संबंधित थाना क्षेत्रों में भेजी जाएगी।

जिले में इस वर्ष कुल 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 4 अति संवेदनशील और 7 संवेदनशील घोषित किए गए हैं। कक्षा 12वीं की परीक्षा 10 फरवरी से और कक्षा 10वीं की परीक्षा 17 फरवरी से प्रारंभ होगी। इस बार 10वीं में 18,821 और 12वीं में 14,544 विद्यार्थी परीक्षा देंगे, यानी कुल 34 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित