बैतूल , जनवरी 28 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में बुधवार को बजरंग दल द्वारा त्रिशूल दीक्षा एवं शौर्य यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 1100 कार्यकर्ताओं को स्टील के त्रिशूल वितरित किए गए। इसमें बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी शामिल रहीं, जबकि लगभग 500 नए सदस्यों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रांत गौ रक्षा प्रमुख कृष्णकांत गावंडे ने रखी। इस अवसर पर राष्ट्रीय संयोजक किसन प्रजापति ने कहा कि हिंदू समाज को संगठित और जागरूक करने के उद्देश्य से यह शौर्य यात्रा निकाली गई है। उन्होंने कहा कि बहन-बेटियों की सुरक्षा और धर्म रक्षा के लिए शस्त्र धारण की परंपरा रही है, जिसे आगे बढ़ाया जा रहा है।
सभा को संबोधित करते हुए प्रांत संयोजक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि बजरंग दल हर परिस्थिति में हिंदू समाज की रक्षा के लिए खड़ा रहेगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि जिस प्रकार हनुमान जी के हाथ में गदा रहती थी, उसी प्रकार समाज के युवाओं के हाथ में त्रिशूल होना चाहिए, हालांकि इसका उपयोग संयम और जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए।
इस दौरान सुरेंद्र सिंह के एक विवादित बयान से माहौल गरमा गया। उन्होंने कहा कि यदि कोई जेहादी मां-बहनों के साथ छेड़छाड़ करेगा तो उसका कड़ा जवाब दिया जाएगा। उनके इस बयान पर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने समर्थन जताया। कार्यक्रम में प्रांत संगठन मंत्री सुन्दर तिवारी, क्षेत्र संयोजक विष्णु वर्धन भट्ट, जिलाध्यक्ष जयदीप सिंह रूनवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित