बैतूल , अप्रैल 14 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के प्रभात पट्टन ब्लॉक अंतर्गत ग्राम मासोद में आज एक भीषण अग्निकांड में पोल्ट्री फार्म जलकर खाक हो गया, जिससे लगभग छह हजार मुर्गियां जिंदा जल गईं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार घटना मासोद से करीब दो किलोमीटर दूर इटावा मार्ग स्थित 'पांच पांडव' क्षेत्र की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पास के खेतों में लगी आग तेज हवा के कारण फैलते हुए पोल्ट्री फार्म तक पहुंच गई, जिससे कुछ ही समय में पूरा फार्म आग की चपेट में आ गया।
फार्म संचालक साहिद शाह ने बताया कि सूचना मिलते ही वह अपने भाई शकील के साथ मौके पर पहुंचे और मोटर पंप की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवाओं के चलते आग पर काबू नहीं पाया जा सका और पूरा फार्म जलकर नष्ट हो गया।
इस घटना में पोल्ट्री फार्म का पूरा ढांचा नष्ट हो गया। आग से फार्म के पर्दे, पाइपलाइन, पानी की टंकी, ट्रिप सिस्टम, मुर्गियों का दाना सहित अन्य उपकरण भी जलकर खाक हो गए। संचालक के अनुसार इस हादसे में लगभग 12 से 15 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित को शीघ्र मुआवजा देने एवं भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। प्रशासन द्वारा मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित