बैतूल , अप्रैल 9 -- रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिए बैतूल जिले में व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिला प्रशासन ने किसानों की सुविधा के लिए जिले में कुल 64 उपार्जन केंद्र स्थापित किए हैं।

जिला आपूर्ति अधिकारी केके टेकाम ने बताया कि इस वर्ष 18,969 किसानों ने गेहूं उपार्जन के लिए पंजीयन कराया है। किसानों को व्यवस्थित सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 53 केंद्र सहकारी समितियों तथा 11 केंद्र महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपे गए हैं। उन्होंने बताया कि उपार्जन प्रक्रिया की शुरुआत 9 अप्रैल से कर दी गई है। प्रारंभिक चरण में शाहपुर और मुलताई कृषि मंडी में दो केंद्रों पर खरीदी शुरू हो चुकी है, जबकि शेष सभी केंद्रों पर 10 अप्रैल से खरीदी प्रारंभ होगी।

प्रशासन के अनुसार 9 अप्रैल तक 352 किसानों ने अपनी उपज बेचने के लिए स्लॉट बुक कर लिया है। स्लॉट बुकिंग व्यवस्था से किसानों को निर्धारित समय पर केंद्र पहुंचने की सुविधा मिलती है, जिससे भीड़भाड़ कम होती है और खरीदी प्रक्रिया सुचारू रहती है।

जिला आपूर्ति अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे समय पर स्लॉट बुकिंग कर निर्धारित तिथि और समय पर उपार्जन केंद्र पहुंचें, ताकि उपज का विक्रय सुगमता से हो सके। प्रशासन द्वारा सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित