बैतूल , अप्रैल 24 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बढ़ते अतिक्रमण को देखते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी नियमित कार्रवाई का निर्णय लिया है।

इस संबंध में एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह ने राजस्व, नगर पालिका, जनपद पंचायत और पुलिस विभाग के संयुक्त दलों का गठन कर आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों के अनुसार जिले में बाजारों, बस्तियों और ग्रामीण सड़कों तक अतिक्रमण फैलने से आमजन को आवागमन में परेशानी हो रही है। कई स्थानों पर एंबुलेंस, पुलिस और दमकल जैसी आपात सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।

इसी क्रम में गुरुवार को बैतूल शहर के सदर बाजार क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। एसडीओपी सुनील लाटा के नेतृत्व में पुलिस ने सड़क पर दुकान लगाने वाले फल एवं सब्जी विक्रेताओं को चेतावनी देते हुए अतिक्रमण हटवाया। साथ ही दोबारा सड़क पर कब्जा करने पर सामग्री जब्त करने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

एसडीएम द्वारा गठित संयुक्त दलों को बैतूल और चिचोली सहित शहरी व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। दल सप्ताह में कम से कम दो बार संबंधित पटवारी, सचिव या रोजगार सहायक के साथ मिलकर अतिक्रमण की स्थिति का आकलन करेंगे और आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण हटाने से पहले संबंधित व्यक्तियों को सूचना दी जाएगी और नियमानुसार प्रक्रिया का पालन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस बल की मदद से कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस कदम से जिले में यातायात व्यवस्था सुचारू होने और आमजन को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित