बैतूल , मार्च 27 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बैतूल-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार शाम बस और बोलेरो पिकअप के बीच टक्कर होने से छह यात्री घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार दुर्घटना ग्राम ससुंधरा के पास शाम करीब साढ़े छह बजे हुई। रायपुर से राजस्थान जा रही एक यात्री बस जैसे ही ससुंधरा चौराहे के पास पहुंची, सामने से आ रही बोलेरो पिकअप अचानक उसके सामने आ गई, जिससे दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई।
वही टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलते ही साइखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण पिकअप वाहन का अचानक सामने आना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई है और सभी घायल खतरे से बाहर बताए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित