बैतूल , जनवरी 29 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के हृदय रोग से पीड़ित 11 बच्चों को उन्नत और निःशुल्क उपचार के लिए अहमदाबाद भेजा गया है। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत इन बच्चों का इलाज सत्य साईं हार्ट हॉस्पिटल, अहमदाबाद में किया जाएगा। जिला चिकित्सालय से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार हुरमाडे ने एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर बच्चों को रवाना किया।

सीएमएचओ डॉ. हुरमाडे ने बताया कि यह पहल कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के मार्गदर्शन में की गई है। 14 जनवरी को भोपाल स्थित जेपी अस्पताल में आयोजित विशेष हृदय जांच शिविर में बैतूल जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए 75 बच्चों की जांच की गई थी। जांच में 34 बच्चों में हृदय रोग की पुष्टि हुई, जिनमें से प्राथमिकता के आधार पर 11 बच्चों का चयन कर उन्हें अहमदाबाद भेजा गया है।

गुरुवार को बच्चों को बैतूल जिला चिकित्सालय के डीआईसी से एंबुलेंस द्वारा रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, भोपाल ले जाया गया। वहां से बच्चे अपने परिजनों के साथ ट्रेन से अहमदाबाद के लिए रवाना हुए। इस दौरान डॉ. हुरमाडे ने बच्चों और उनके अभिभावकों से बातचीत कर उपचार की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी और आश्वस्त किया कि बच्चों का इलाज अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किया जाएगा। उन्होंने सभी बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होकर सकुशल जिले में लौटने की कामना भी की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित