बैतूल , अप्रैल 3 -- मध्यप्रदेश में तकनीकी शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत बैतूल जिले को बड़ी सौगात मिली है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के प्रयासों से राज्य शासन के तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग ने शासकीय आईटीआई बैतूल और शासकीय एकलव्य महिला आईटीआई कोसमी के लिए कुल 14 करोड़ 11 लाख 5 हजार रुपये के निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की है।

स्वीकृत राशि के तहत शासकीय आईटीआई बैतूल में 60 सीटर बालक छात्रावास निर्माण के लिए 3.41 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं कोसमी स्थित एकलव्य महिला आईटीआई में 60 सीटर बालिका छात्रावास निर्माण के लिए 3.42 करोड़ रुपये तथा 6 ट्रेड शेड भवनों के निर्माण हेतु 7.26 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने पर दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले छात्र-छात्राओं को आवास की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। वर्तमान में छात्रावास के अभाव में कई विद्यार्थियों को किराए के मकानों में रहकर अध्ययन करना पड़ता है, जिससे उन्हें विभिन्न कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

विशेष रूप से महिला आईटीआई में नए ट्रेड शेड भवन बनने से नए पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जा सकेंगे। इससे छात्राओं को तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में अधिक अवसर प्राप्त होंगे और वे विभिन्न व्यावसायिक कौशलों में प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर बन सकेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित