नयी दिल्ली , फरवरी 10 -- सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ बड़ौदा ने वित्त की सीमांत लागत आधारित ऋण दरों (एमसीएलआर) में 12 फरवरी से कटौती की घोषणा की है जिससे कर्ज सस्ते होने की उम्मीद है।

एमसीएलआर वह दर जिससे कम पर कोई बैंक ऋण नहीं दे सकता।

बैंक ऑफ बड़ौदा ने बताया कि 12 फरवरी से एक साल और छह महीने के एमसीएलआर में पांच-पांच आधार अंकों (0.05 प्रतिशत) की कटौती की गयी है। एक साल का एमसीएलआर 8.75 प्रतिशत से घटकर 8.70 प्रतिशत रह जायेगा। इसी प्रकार, छह महीने का एमसीएलआर 8.50 प्रतिशत से कम होकर 8.45 प्रतिशत रह जायेगा।

वहीं, एक दिन, एक महीने और तीन महीने के एमसीएलआर में कोई बदलाव नहीं किया गया है और ये क्रमशः 7.80 प्रतिशत, 7.90 प्रतिशत और 8.15 प्रतिशत पर स्थिर रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने फरवरी में हुई मौद्रिक नीति समिति की बैठक में रेपो दर तथा अन्य नीतिगत दरों को यथावत रखा है, लेकिन पिछले साल रेपो दर में चार बार में कुल 1.25 प्रतिशत की कटौती की गयी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित