रांची , फरवरी 05 -- बैंक ऑफ इंडिया द्वारा झारखंड सरकार के नियमित, संविदा एवं पेंशनधारी कर्मचारियों को समर्पित वेतन खाता (सैलरी अकाउंट) से जुड़ी विभिन्न सुविधाओं को लेकर एक विस्तृत प्रस्तुति कार्यक्रम का आयोजन आज झारखंड विधानसभा के सेंट्रल हॉल परिसर में किया गया।
यह कार्यक्रम हाल ही में बैंक ऑफ इंडिया और झारखंड सरकार के बीच हुए समझौते के तहत आयोजित किया गया। कार्यक्रम में झारखंड विधानसभा के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को वेतन खाते से संबंधित विभिन्न बैंकिंग सुविधाओं और बीमा उत्पादों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इस दौरान दुर्घटना बीमा, टर्म इंश्योरेंस, चिकित्सा बीमा सहित अन्य बैंकिंग सेवाओं पर विशेष प्रकाश डाला गया, जिससे कर्मचारियों को सुरक्षित एवं समग्र वित्तीय संरक्षण उपलब्ध कराया जा सके।
प्रस्तुतीकरण के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गहरी रुचि दिखाई और बैंक ऑफ इंडिया द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के विभिन्न पहलुओं पर प्रश्न भी पूछे।
इस कार्यक्रम में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो, झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, विधानसभा सदस्य रामचंद्र सिंह तथा प्रभारी सचिव रंजीत कुमार उपस्थित रहे।
बैंक ऑफ इंडिया की ओर से कार्यक्रम का नेतृत्व अजय कुमार पाण्डेय, सहायक महाप्रबंधक (एफजीएमओ, रांची) एवं बनिता मोहापात्रा, उप अंचल प्रबंधक, रांची अंचल ने किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित