मुंबई , मई 05 -- विदेशों से मिले मिश्रित संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में बैंकिंग सेक्टर में बिकवाली से मंगलवार को प्रमुख सूचकांक नीचे बंद हुए।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 251.61 अंक (0.33 प्रतिशत) गिरकर 77,017.79 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले सेंसेक्स की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी और दोपहर तक यह 750 अंक से ज्यादा टूट गया था, लेकिन बाद में इसने काफी हद तक वापसी की।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 86.50 अंक यानी 0.36 प्रतिशत फिसलकर 24,032.80 अंक पर रहा। दोनों सूचकांक पिछले कारोबारी दिवस पर बढ़त में रहे थे।
वृहद बाजार में लिवाली का जोर रहा। मझौली कंपनियों का मिडकैप-50 सूचकांक 0.07 प्रतिशत और छोटी कंपनियों का स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.28 प्रतिशत ऊपर रहा।
ऑटो, एफएमसीजी और फार्मा सेक्टरों में अच्छी तेजी रही जबकि रियलटी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और बैंकिंग सेक्टरों के सूचकांक नीचे बंद हुए।
एनएसई में जिन 3,391 कंपनियों के शेयरों में आज कारोबार हुआ उनमें से 1,600 के शेयर ऊपर और 1,680 के लाल निशान में रहे। अन्य 111 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स की कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर 3.41 फीसदी मजबूत हुआ। अल्ट्राटेक सीमेंट में 1.79 प्रतिशत और बजाज फिनसर्व में 1.32 प्रतिशत की तेजी रही। बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनीलिवर और इंफोसिस के शेयर भी हरे निशान में रहे।
आईसीआईसीआई बैंक का शेयर 1.53 प्रतिशत टूट गया। इटरनल का शेयर 1.37 प्रतिशत, टेक महिंद्रा का 1.30, एक्सिस बैंक का 1.20, मारुति सुजुकी का 1.15, भारती एयरटेल का 1.08, एलएंडटी का 1.07 और अडानी पोर्ट्स का 0.97 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक, ट्रेंट, एशियन पेंट्स, टाटा स्टील, इंडिगो और एनटीपीसी के शेयर भी गिरावट में रहे।
वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 0.38 फीसदी और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.11 फीसदी की बढ़त में बंद हुए। हांगकांग के हैंग सेंग में 0.76 प्रतिशत की गिरावट रही। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स फिलहाल 1.40 प्रतिशत ऊपर है, जबकि ब्रिटेन के एफटीएसई में 1.34 फीसदी की गिरावट है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित