बेमेतरा , फरवरी 11 -- छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के वार्ड क्रमांक 08, सुंदर नगर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय नागरिकों द्वारा केंद्र के संचालन, स्थानांतरण आदेश की अनदेखी और बच्चों की वास्तविक संख्या को लेकर अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र पिछले लगभग 10 से 12 वर्षों से कार्यकर्ता गोमती तम्बोली के निजी मकान के एक कमरे में संचालित हो रहा है। बताया जा रहा है कि उसी भवन में उनका परिवार भी निवास करता है, जिससे बच्चों के बैठने, पोषण आहार वितरण और अन्य गतिविधियों के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमित जगह में केंद्र का संचालन बच्चों की सुरक्षा और सुविधा दोनों दृष्टि से उचित नहीं है।
इस बीच, एकीकृत बाल विकास परियोजना विभाग द्वारा पास स्थित एक सार्वजनिक/खाली भवन में केंद्र को स्थानांतरित करने के निर्देश जारी किए गए थे। हालांकि विभागीय आदेश के बावजूद अब तक स्थानांतरण की प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो सकी है। इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित