बेमेतरा , नवंबर 24 -- छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत धान खरीदी प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा सोमवार को जारी नवीनतम आंकड़ों ने जिले की खरीदी व्यवस्था की समग्र तस्वीर स्पष्ट कर दी।

जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में पिछले वर्ष की तुलना में खरीदी लक्ष्य, पंजीकृत किसानों की संख्या, रकबे की स्थिति और वास्तविक उपार्जन पर विस्तृत जानकारी दी गई है। जिले में पिछले वर्ष 2024-25 में 10,31,939 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित था। जिसमें 9,37,107 क्विंटल धान खरीदा गया था।

वर्तमान वर्ष 2025-26 में ऑनलाइन प्रणाली के अनुसार लक्ष्य घटकर 9,93,667 क्विंटल रह गया है और अब तक जिले में 43,050 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज की गई है।

रिपोर्ट के अनुसार जिले में पंजीकृत किसानों की संख्या में पिछले वर्ष की तुलना में कम रही है। वर्ष 2024-25 में कुल 1,64,699 किसानों ने अपना पंजीकरण कराया था, जबकि वर्ष 2025-26 में 1,62,907 किसानों ने पंजीकरण कराया जो कि 1,792 किसानों की संख्या कम रही।

धान खरीदी के लिए पंजीकृत रकबे में भी उल्लेखनीय कमी सामने आई है। वर्ष 2024-25 में धान का रकबा 1,91,569 हेक्टेयर रहा जबकि 2025-26 में यह घटकर 1,82,478 हेक्टेयर रह गया। कुल मिलाकर 9,091 हेक्टेयर रकबे की कमी दर्ज की गई।

जिले में पंजीकृत किसान कम होने के बावजूद धान बेचने वाले किसानों की संख्या में वृद्धि देखी गई है। पिछले वित्त वर्ष में धान बेचने वाले कुल किसानों की संख्या 7,153 दर्ज की गयी थी जबकि चालू वित्त वर्ष 2025-26 में यह संख्या बढ़कर : 8,296 किसानरही। यह आंकड़ा जिले में खरीदी व्यवस्था में सुधार तथा किसानों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।

धान खरीदी सत्र के दौरान जिला प्रशासन द्वारा निरीक्षण और मॉनिटरिंग को और मजबूत किया गया है। सभी उपार्जन केंद्रों पर डिजिटल सुविधाएँ बढ़ाई गई हैं तथा अवैध परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने कड़े निर्देश दिए गए हैं।

सरकारी अधिकारियों का कहना है कि खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं और आने वाले दिनों में खरीदी की गति और तेज होने की संभावना है।

जारी आंकड़े इस बात का संकेत देते हैं कि खरीदी प्रक्रिया अब अधिक संगठित और किसानहित में उन्मुख है। जिला प्रशासन की तैयारियों और जमीनी व्यवस्था ने किसानों के बीच नया भरोसा जगाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित