पोर्टो-नोवो , दिसंबर 07 -- पश्चिम अफ्रीकी राष्ट्र बेनिन में रविवार को लेफ्टिनेंट कर्नल पास्कल टिग्री के नेतृत्व में एक सैन्य समूह द्वारा राष्ट्रपति पैट्रिस तालोन को "पद से हटाने" की घोषणा के बाद देश में संवैधानिक संकट और अनिश्चितता की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
तख्तापलट के प्रयास की शुरुआत राजधानी पोर्टो-नोवो में राष्ट्रपति तालोन के आधिकारिक आवास पर तड़के हुए हमले से हुई। इसके तुरंत बाद, खुद को "पुनर्निर्माण के लिए सैन्य समिति" कहने वाले सैनिकों ने राष्ट्रीय टेलीविजन पर कब्ज़ा कर लिया और राष्ट्रपति तालोन को सत्ता से बेदखल करने की घोषणा कर दी।
हालाँकि, 2016 से सत्ता में राष्ट्रपति पैट्रिस तालोन के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है। इससे देश के शासक की वास्तविक स्थिति को लेकर भ्रम बना हुआ है। राष्ट्रपति कार्यालय या सरकार की ओर से इस प्रयास की तुरंत कोई आधिकारिक पुष्टि या प्रतिक्रिया नहीं आई है।
इस बीच, राजधानी में सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। कुछ खबरों में कहा गया है कि राष्ट्रपति आवास के पास स्थित 'कैंप गेज़ो' में गोलीबारी हुयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित