नैनीताल , फरवरी 18 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले के बेतालघाट में बिना अनुमति के आयोजित कार्यक्रम में भगदड़ के मामले में आयोजकों की मुसीबत बढ़ गई है। पुलिस ने आयोजकों के खिलाफ बुधवार को मामला दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 16 फरवरी 2026 को बेतालघाट में बाबा हेल्प देम फाउण्डेशन के बैनर तले "आरम्भ विधानसभा सम्मेलन 2027" नामक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में लगभग 6000 लोगों की भीड़ जुटी थी।
आरोप है कि आयोजन के लिए न तो सक्षम प्रशासनिक अधिकारी से अनुमति ली गई और न ही स्थानीय थाना को विधिवत सूचना दी गईं और न ही भीड़ नियंत्रण, निजी सुरक्षा व्यवस्था तथा आपातकालीन प्रबंधन के पर्याप्त इंतजाम किए गए।
कम्बल वितरण के दौरान अव्यवस्था उत्पन्न हो गई और बड़ी संख्या में लोग एक ही स्थान पर एकत्र हो गए। बढ़ते दबाव के चलते स्टेडियम की दीवार अचानक ढह गई, जिससे छह लोग घायल हो गए।
घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रा.र.द. अधिकारी की तहरीर पर थाना बेतालघाट में भारतीय न्याय संहिता की धारा 125(क)(ख), 190, 292 तथा लोक सम्पत्ति को नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 3(2) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित