खरगोन , अप्रैल 6 -- मध्य प्रदेश में खरगोन जिले के भीकनगांव थाना क्षेत्र में एक 55 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी 77 वर्षीय बुजुर्ग मां की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में दावा किया कि उसने अपनी मां को "दुखों से मुक्ति दिलाने" के लिए यह कदम उठाया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी विष्णु सांवले को अपनी मां रमाई बाई की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना का खुलासा शनिवार देर रात उस समय हुआ, जब आरोपी का बेटा घर पहुंचा और अपनी दादी को खून से लथपथ अवस्था में पाया। इसके बाद उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
भीकनगांव के एसडीओपी राकेश आर्य ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और विष्णु को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को रविवार शाम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी मां लंबे समय से गंभीर रूप से बीमार थीं, दृष्टिहीन हो चुकी थीं और पूरी तरह उस पर निर्भर थीं। उनकी देखभाल की जिम्मेदारी उसी पर थी, जिससे वह मानसिक रूप से दबाव में था और पिछले कई वर्षों से उनकी सेवा कर रहा था।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के पारिवारिक हालात ठीक नहीं थे। उसकी पत्नी घरेलू विवाद के चलते हाल ही में पीथमपुर चली गई थी, जिससे घर में तनाव बढ़ गया था। घटना के दिन आरोपी शराब के नशे में था और मां द्वारा किसी काम के लिए कहने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से और तनाव में आकर आरोपी ने कुल्हाड़ी से मां के गर्दन पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित