बेगूसराय , मार्च 14 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को कहा कि बेगूसराय जिले में खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जायेगी।

मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में बेगूसराय जिले के बियाडा प्रांगण में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बेगूसराय में इंजीनियरिंग कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक संस्थान की स्थापना की गयी है। महिला आईटीआई एवं सभी अनुमंडलों में आईटीआई की स्थापना की गयी है। जीएनएम संस्थान, पारा मेडिकल संस्थान की स्थापना की गयी है।

श्री कुमार ने कहा कि वर्ष 2024 के दिसम्बर एवं 2025 के जनवरी-फरवरी माह में उन्होंने प्रगति यात्रा के दौरान सभी जिलों में जाकर विकास कार्यों को देखा। उन्होंने कहा कि वह यहां आकर विकास कार्यों का निरीक्षण कर लोगों से बातचीत कर समस्याओं से अवगत हुए थे। उन समस्याओं के समाधान के लिए छह योजनाओं की स्वीकृति दी गयी जिन पर काम चल रहा है, जिसे शीघ्र पूरा किया जायेगा। इनमें बेगूसराय अंतर्गत तेघड़ा मुबारकपुर पथ के चौडीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य, बखरी-बहादुरपुर (खगड़िया बॉर्डर) बाईपास पथ का निर्माण, बी०टी०पी०एस० चकिया (एन0एच0-31) से लखमिनियां बलिया भाया गुप्ता लखमिनियां बांध तक बेगूसराय बाईपास पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य, जल-निस्सरण प्रमंडल, समस्तीपुर के अधीन बेगूसराय जिला अंतर्गत कावर झील को जोड़ने वाले विभिन्न नालों की उड़ाही एवं चेकडैम निर्माण कार्य, सिमरिया घाट एवं कल्पवास मेला क्षेत्र में द्वितीय चरण का विकास कार्य तथा प्रखंड शाम्हो के अकहा कुरहा में डिग्री कालेज की स्थापना शामिल है।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत अगले पांच वर्षों 2025 से 2030 के बीच बेगूसराय जिले में अनेक काम कराये जायेंगे। रोजगार के लिए जिले की चार लाख 41 हजार महिलाओं को 10 हजार रुपये के हिसाब से राशि दी जा चुकी है। इन्हें रोजगार आगे बढ़ाने के लिए दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जायेगी। उन्होंने कहा कि बेगूसराय जिले में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना कर नये उद्योग लगाये जाएंगे। डेयरी को बढ़ावा देने के लिए 48 गांवों में दूध उत्पादन समितियों का गठन तथा सभी 229 पंचायतों में सुधा दूध बिक्री केन्द्र खोला जायेगा। सभी 18 प्रखंडों में आदर्श विद्यालय तथा डिग्री कॉलेज की स्थापना की जायेगी। सभी 18 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को विशिष्ट अस्पताल तथा बेगूसराय सदर अस्पताल को अति विशिष्ट अस्पताल के रूप में विकसित किया जायेगा।

श्री कुमार ने कहा कि सबका सम्मान-जीवन आसान निश्चय के तहत कठिनाइयों को दूर कर लोगों के लिए सरकारी सुविधाएं प्राप्त करना आसान बनाया जायेगा। इन कामों से जिले का पूरे तौर पर विकास होगा। केन्द्र सरकार का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। अब बिहार बहुत आगे बढ़ेगा और देश के विकसित राज्यों में शामिल हो जायेगा।

जन संवाद कार्यक्रम को दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री सुरेंद्र मेहता, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार एवं विधायक अभिषेक आनंद ने भी संबोधित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित