बेंगलुरु , जनवरी 22 -- कर्नाटक की राजधानी स्थित केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दोस्तों से मिलने आई एक दक्षिण कोरियाई महिला के साथ सुरक्षा अधिकारी बनकर छेड़छाड़ करने वाले हवाई अड्डा कर्मचारी को शिकायत के कुछ ही मिनटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने गुरुवार को बताया कि यह घटना 19 जनवरी तब हुई जब पीड़ित महिला अपनी सुरक्षा जांच और आव्रजन की औपचारिकताएं पूरी कर चुकी थी। तब आरोपी कर्मचारी अफ़ान अहमद ने महिला के पास जाकर दावा किया कि उसके सामान से 'बीप' की आवाज आ रही है और उसकी "व्यक्तिगत सुरक्षा जांच" की आवश्यकता है। इसके बाद वह महिला को पुरुषों के शौचालय के पास एक एकांत स्थान पर ले गया, जहां उसने कथित तौर पर उसके साथ छेड़छाड़ की। जब महिला ने विरोध किया, तो वह "धन्यवाद" कहकर वहां से चला गया। महिला को जल्द ही अहसास हो गया कि वह व्यक्ति कोई आधिकारिक सुरक्षाकर्मी नहीं था। इसके बाद उसने सिंगापुर एयरलाइंस और एयर इंडिया के कर्मचारियों से मदद मांगी, जिन्होंने उसे पुलिस तक पहुँचाने में सहायता की।

हवाई अड्डे के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने शिकायत मिलने के मात्र 20 मिनट के भीतर आरोपी को दबोच लिया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और विस्तृत जांच जारी है। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पीड़िता ने परिपक्वता का परिचय दिया और कहा कि यह अकेला वाकया पूरे भारत का प्रतिनिधित्व नहीं करता। उसने कहा कि यह एक ऐसे व्यक्ति की करतूत है जिसके नैतिक मूल्य पूरी तरह गलत हैं, लेकिन भारत की व्यवस्था में सुधार हो रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित