मुंबई , दिसंबर 29 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के बीच नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन तक सीटों के बंटवारे पर बातचीत बेनतीजा रहने के बाद भाजपा ने सोमवार को बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनावों के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी।

पार्टी ने 67 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है। इनमें से सभी को एबी फॉर्म जारी कर दिये गये हैं, जो जरूरत पड़ने पर पार्टी के अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी का संकेत है। यह कदम मुंबई में दोनों गठबंधन सहयोगियों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर फॉर्मूले की अनिश्चितता के बीच उठाया गया है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह फैसला आखिरी समय की उलझन से बचने और यह सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है कि नामांकन की समय सीमा से पहले भाजपा उम्मीदवार दौड़ में शामिल रहें।

राजनीतिक पर्यवेक्षक भाजपा की इस घोषणा को गठबंधन की रुकी हुई बातचीत के बीच दबाव बनाने की रणनीति के तौर पर देख रहे हैं। साथ ही यह वृहन्मुंबई के अहम नगर निगम चुनावों में पार्टी के चुनावी विकल्पों को भी खुला रखता है।

भाजपा की पहली सूची में अनुभवी पार्षद, नये चेहरे और विभिन्न सामाजिक व पेशेवर पृष्ठभूमि से आने वाले उम्मीदवार शामिल हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, गठबंधन सहयोगियों के साथ समन्वय पूरा होने के बाद बाकी उम्मीदवारों के नाम अगली सूचियों में जारी किये जायेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित