बुलन्दशहर , दिसम्बर 30 -- उत्तर प्रदेश के बुलन्दशहर में महिला के साथ लूट की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और उनकेकब्जे से लूटे गए आभूषण तथा दो चाकू बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक देहात डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि एक सूचना के आधार पर जहांगीराबाद पुलिस ने ग्राम जुगसाना कलां के पास से चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। बरामद आभूषणों में एक गले की माला, दो मोती जड़े कंगन तथा तीन चूड़ियां शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में थाना जहांगीराबाद पर धारा 309(4)/317(4) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत कर अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शमशुद्दीन,गोलू उर्फ सालिम, हारिश उर्फ समीर और नन्हीं पत्नी लीम अंसारी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 27 दिसम्बर को शगुफ्ता जहांगीराबाद से अपने घर लौट रही थीं कि क्षेत्र के ग्राम रौरा के पास कोहरे के कारण वाहन का शीशा साफ करने के लिए उन्होंने गाड़ी रोकी, तभी अभियुक्तों ने उनके आभूषण लूट लिए।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि अभियुक्त हारिश उर्फ समीर एवं अभियुक्ता नन्हीं आपस में मां-बेटे हैं तथा पीड़िता शगुफ्ता अभियुक्ता नन्हीं की बहन है। दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर आभूषण लूटने की योजना बनाई थी और उसी के तहत घटना को अंजाम दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित