बुलंदशहर , मार्च 15 -- उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के नरसेना थाना क्षेत्र में रविवार को एक महिला का सिर कटा शव मिलने से सनसनी फैल गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के गांव घुंघरावली के पास फरीदा रजवाहे की कच्ची पटरी के किनारे खेत में एक महिला का रक्तरंजित धड़ पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक नगर शंकर प्रसाद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका है कि किसी धारदार हथियार से महिला का सिर धड़ से अलग किया गया है। घटनास्थल से महिला का सिर नहीं मिला है और उसकी तलाश की जा रही है।
उन्होंने बताया कि मृतका की एक बाजू पर "बबली" नाम लिखा हुआ मिला है, जिसके आधार पर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि शव के साथ किसी जानवर द्वारा छेड़छाड़ की गई हो सकती है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित