बुलंदशहर , जनवरी 26 -- उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर के खुर्जा नगर में सोमवार को पारिवारिक विवाद में सगे छोटे भाई ने दिनदहाड़े अपने बड़े भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के समय मृतक अपनी पॉटरी इकाई में काम कर रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि खुर्जा के मोहल्ला खीरखानी निवासी आस मोहम्मद (45) का खुर्जा नगर में चीनी मिट्टी के बर्तन बनाने का कारखाना है। वह रोज की तरह रविवार को भी अपने कारखाने में कार्यरत था। इसी दौरान सुबह करीब 11:30 बजे उसका छोटा भाई चांद मोहम्मद एक अन्य व्यक्ति के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा।

विवाद बढ़ने पर चांद मोहम्मद ने तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली लगने से आस मोहम्मद के सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आईं। परिजन और कारखाने में मौजूद कर्मचारी उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह सहित पुलिस के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पैतृक संपत्ति का विवाद प्रतीत हो रहा है। मामले की गहन जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना के सभी पहलुओं का खुलासा किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित