बुलंदशहर , मार्च 29 -- उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के शिकारपुर कस्बे में नमाज के बाद मस्जिद के इमाम को हटाने के विवाद को लेकर एक ही समुदाय के दो गुटों के बीच हुये खूनी संघर्ष के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. तेजवीर सिंह ने रविवार को बताया कि शनिवार अपराह्न कस्बा शिकारपुर स्थित डोरी वाली मस्जिद में नमाज के बाद इमाम को हटाने के मुद्दे पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की और मामले में एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने उपद्रव में शामिल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित