बुलंदशहर , अप्रैल 5 -- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में अपहृत 10 माह की एक बच्ची को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. तेजवीर सिंह ने रविवार को बताया कि ग्राम जसर निवासी वंदना पत्नी देवेंद्र अपनी बीमार बच्ची को गांव में एक चिकित्सक के यहां दवा दिलाने ले गई थी। इसी दौरान बच्ची के रोने पर बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उसे चुप कराने के बहाने अपने साथ लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए तलाश अभियान शुरू किया। इसी बीच ग्रामीणों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया है। पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है तथा अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित