बुलंदशहर , अप्रैल 19 -- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में शिकारपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध साई धाम मंदिर में बीती रात अज्ञात नकाबपोश चोर चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना के बाद श्रद्धालुओं में रोष व्याप्त है।

मंदिर के पुजारी उदित प्रकाश तिवारी ने बताया कि मेरठ-बदायूं हाईवे मार्ग स्थित साई धाम मंदिर में वह पिछले 10 वर्षों से पुजारी के रूप में कार्यरत हैं। शनिवार सुबह करीब छह बजे जब सेवादारों ने मंदिर के कपाट खोले, तब चोरी की घटना की जानकारी हुई। उन्होंने बताया कि रात में दो नकाबपोश चोर मंदिर में घुसे और साई बाबा की प्रतिमा पर स्थापित चांदी का मुकुट तथा दान पात्र में रखी नकदी चोरी कर ले गए। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। घटना के विरोध में स्थानीय श्रद्धालुओं और मंदिर समिति के सदस्यों में आक्रोश देखा जा रहा है। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जल्द खुलासा करने की मांग की है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। पुजारी की ओर से थाने में तहरीर दे दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित