पटना , मई 01 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज भगवान बुद्ध की जयंती के अवसर पर भगवान बुद्ध की पूजा अर्चना की। बुद्ध स्मृति पार्क में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौधरी को बौद्ध भंते द्वारा बुद्ध स्मृति पार्क में स्थापित भगवान बुद्ध की प्रतिमा, बोधगया के बोधिवृक्ष, आनंद बोधि वृक्ष तथा श्रीलंका के अनुराधापुरम से लाये गए बोधि वृक्ष की पूजा अर्चना करायी गई।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने बुद्ध स्मृति पार्क स्थित पाटलिपुत्र करुणा स्तूप में भगवान बुद्ध की पवित्र अस्थि अवशेषों की पूजा अर्चना की, परिक्रमा की और ध्यान किया। उन्होंने बौद्ध भिक्षुओं के साथ बैठकर विश्व शांति के लिए मंगल कामना की तथा राज्य एवं देश की सुख, समृद्धि एवं अमन चैन की कामना की।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विधायक रामकृपाल यादव, विधायक संजय गुप्ता, पूर्व विधायक प्रमोद कुमार चंद्रवंशी, पटना की महापौर श्रीमती सीता साहू, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, वाणिज्य कर विभाग के सचिव संजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेश कुमार पराशर, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस. एम., पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारीगण, बौद्ध भंते एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित