भीलवाड़ा , फरवरी 10 -- राजस्थान में भीलवाड़ा में लोकार्पण समारोह में आये विधायक गोपीचंद मीणा से एक बुजुर्ग ने भरे मंच पर बेबाकी से कहा, "साहब, आश्वासन तो हर नेता देता है लेकिन काम कोई नहीं करता", तो इसका जवाब श्री मीणा ने भी अनोखे ढंग से दिया।
श्री मीणा ने उसी समय अपनी जेब से पेन निकाला और बुजुर्ग के हाथ की हथेली पर ही लिख दिया कि "एक वर्ष में पुल का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।" यह दृश्य देख वहां मौजूद हर कोई हैरान रह गया।
मौका था जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र के कांटी क्षेत्र में आयोजित एक भव्य लोकार्पण समारोह का। विधायक गोपीचंद मीणा यहाँ करोड़ों रुपए की लागत से हुए 10 से अधिक विकास कार्यों का लोकार्पण करने पहुंचे थे। इसी दौरान कांटी-घेवरिया खाल पर लंबे समय से लंबित पुलिया निर्माण की मांग को लेकर बुजुर्ग रामेश्वर लाल सेन मंच पर जा पहुंचे। बुजुर्ग के चेहरे पर व्यवस्था के प्रति अविश्वास झलक रहा था, जिसे विधायक ने अपनी इस 'लिखित गारंटी' से भरोसे में बदल दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित