बैतूल , दिसंबर 04 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के बोरदेही थाना क्षेत्र के इटावा गांव में रहने वाले बुजुर्ग निरंजन साहू साइबर ठगी का शिकार हो गए।
ठगों ने उनके बैंक खाते से पौने चार लाख रुपए निकाल लिए। कल पीड़ित बुजुर्ग ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
निरंजन साहू का बैंक ऑफ महाराष्ट्र की बोरदेही शाखा में बचत खाता है। वे अपने मोबाइल नंबर से फोन-पे ऐप का उपयोग करते हैं। 23 नवंबर 2025 की शाम उनके वॉट्सऐप पर 'आरटीओ विभाग' के नाम से एक संदिग्ध संदेश आया। संदेश में लिखा था कि वाहन से संबंधित दस्तावेज अपडेट करें, अन्यथा चालान लगाया जाएगा। इसके साथ एक लिंक भी दिया था।
बिना शक किए जैसे ही निरंजन साहू ने उस लिंक पर क्लिक किया, कुछ ही मिनटों में उनके खाते से पैसे कटना शुरू हो गए। यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए देखते ही देखते तीन लाख 75 हजार रुपए उनके बैंक खाते से गायब हो गए। रविवार को हुई इस वारदात के कारण वे तुरंत बैंक की सहायता भी नहीं ले सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित