पटना , अप्रैल 08 -- बिहार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह ने बुधवार को कहा कि उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग के बाद तीन से चार दिनों के भीतर घरेलू सिलेंडर की होम डिलीवरी पूर्ववत की जा रही है।

मंत्री लेशी सिंह ने आज यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राज्य में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति मांग के अनुरूप सुचारु रूप से की जा रही है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग के बाद तीन से चार दिनों के भीतर घरेलू सिलेंडर की होम डिलीवरी पूर्ववत की जा रही है, जिससे एजेंसियों पर भीड़ लगाने की आवश्यकता नहीं है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए केवाईसी प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल कर दी गई है, जिसे इंडियन ऑयल वन, हेलो बीपीसीएल और एचपी पे ऐप के माध्यम से घर बैठे किया जा सकता है।

मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण, कालाबाजारी और व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ राज्यभर में व्यापक छापेमारी अभियान चल रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक 25,560 निरीक्षण किए जा चुके हैं, जिनमें 1662 सिलेंडर जब्त और 114 प्राथमिकी दर्ज हुई हैं। आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित