नयी दिल्ली , फरवरी 08 -- भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली और विश्व कप विजेता तेज गेंदबाज़ ज़हीर खान ने दुनिया की सबसे बड़ी कॉर्पोरेट क्रिकेट लीग, भारतीय कॉर्पोरेट प्रीमियर लीग (बीसीपीएल) सीजन 4, के ट्रॉफी और जर्सी अनावरण समारोह में ब्रांड एंबेसडर के रूप में अपनी दमदार मौजूदगी से कार्यक्रम को ऊर्जा से भर दिया। यह आयोजन रविवार को राष्ट्रीय राजधानी के एक कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया गया। लीग अपने अब तक के सफर में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्वरूप अपनाने जा रही है, जिसमें दस टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।

इस अवसर पर उपस्थित दर्शकों को संबोधित करते हुए सौरव गांगुली ने कहा, "जब मेरी मुलाकात सौरभ झा से हुई, तो मैंने उनसे कहा कि हम सभी की शुरुआत कुछ इसी तरह से हुई थी। हमारे शुरुआती दिनों में आईपीएल जैसी कोई व्यवस्था नहीं थी। मैंने टाटा स्टील के लिए काम किया और काफी कॉर्पोरेट क्रिकेट खेला, जिससे मुझे जरूरी एक्सपोजर मिला और मैं चयनकर्ताओं की नजर में आया। बीसीपीएल एक बेहतरीन मंच है क्योंकि देशभर में क्रिकेट को जुनून के साथ देखा जाता है और अनगिनत लोग प्रतिस्पर्धी स्तर पर क्रिकेट खेलने का सपना देखते हैं। भारतीय कॉर्पोरेट प्रीमियर लीग प्रतिभाशाली कॉर्पोरेट पेशेवरों के लिए दरवाज़े खोलेगा और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने तथा क्रिकेट में करियर बनाने का मार्ग प्रदान करेगा।"ज़हीर खान ने भी कार्यक्रम में अपने विचार साझा करते हुए कहा, "बीसीपीएल प्रतिभाशाली कॉर्पोरेट पेशेवरों के लिए अपने कौशल को प्रदर्शित करने और अपने क्रिकेटिंग सफर को आगे बढ़ाने का एक शानदार मंच है। क्रिकेट हमेशा से हमारे देश की धड़कन रहा है और भारत में प्रतिभा शायद ही कभी अनदेखी रह जाती है। जैसा कि दादा (सौरव गांगुली) ने अभी कहा, मुझे भी जमीनी स्तर पर खेलते हुए ही किसी ने पहचाना था। मैं भी एक छोटे शहर से आता हूं और हमेशा शीर्ष स्तर पर क्रिकेट खेलने का सपना देखा है। मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले वर्षों में बीसीपीएल कॉर्पोरेट समुदाय के भीतर छिपी क्रिकेट प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें निखारने का एक मजबूत मंच बनकर उभरेगा। मैं इस शानदार पहल की परिकल्पना करने और इसे आगे बढ़ाने के लिए सौरभ झा को बधाई और धन्यवाद देना चाहता हूं।"भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के दिग्गज पूर्व कप्तान सौरव गांगुली, बीसीपीएल सीजन 4 में मेंटर की भूमिका भी निभाएंगे। यह सीजन पहली बार पैन-इंडिया प्रतिनिधित्व के साथ आयोजित किया जाएगा, जो पहले तीन सत्रों में मुख्य रूप से दिल्ली-एनसीआर तक सीमित खिलाड़ी आधार से आगे बढ़ेगा।

वहीं, 2011 आईसीसी विश्व कप में भारत की ऐतिहासिक जीत में नौ मैचों में 21 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जहीर खान, ब्रांड एंबेसडर होने के साथ-साथ बीसीपीएल की तकनीकी समिति के सलाहकार की भूमिका भी निभाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित