बीरभूम , अप्रैल 02 -- पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में गुरुवार को दो गुटों के बीच हो रही हिंसक झड़प को रोकने की कोशिश में सूरी सदर थाना प्रभारी (आईसी) सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

यह विवाद कंकुरिया गांव में सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों के दो समूहों के बीच शुरू हुआ था, जिसने अंततः पथराव का उग्र रूप ले लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले भी विवादित जमीन पर निर्माण कार्य को रोका था, लेकिन ठेकेदार और मजदूर जेसीबी मशीनों के साथ जबरन काम शुरू करने पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो भीड़ ने उन्हें निशाना बनाना शुरू कर दिया।

पथराव में सूरी सदर थाने के निरीक्षक शैलेंद्र उपाध्याय के सिर में गंभीर चोट आई है। उन्हें अन्य घायल पुलिसकर्मियों के साथ इलाज के लिए सूरी सदर अस्पताल ले जाया गया। स्थिति बिगड़ती देख जिला मुख्यालय से भारी पुलिस बल गांव भेजा गया, जिसने लाठीचार्ज कर स्थिति पर नियंत्रण पाया। पुलिस ने मौके से 14 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें पुलिस हिरासत की मांग के साथ सूरी कोर्ट में पेश किया गया है।

फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है लेकिन तनाव बना हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में केंद्रीय सशस्त्र बलों की दो कंपनियां तैनात की गई हैं। गिरफ्तारी के डर से गांव के अधिकांश पुरुष फरार हो गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित