रायपुर , मार्च 15 -- छत्तीसगढ़ के चर्चित बीरनपुर कांड पर आधारित फिल्म "बीरनपुर फाइल्स" अब दर्शकों के सामने आने के लिए तैयार है। सेंसर बोर्ड की आवश्यक औपचारिकताओं के कारण लंबे समय से अटकी यह फिल्म अब रिलीज के लिए हरी झंडी पा चुकी है। संभावना है कि अप्रैल के पहले सप्ताह में यह फिल्म सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाएगी।

सत्य घटना पर आधारित इस फिल्म में बीरनपुर कांड की पूरी कहानी को पर्दे पर प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। इस घटना ने छत्तीसगढ़ की राजनीति और सामाजिक परिदृश्य में व्यापक हलचल मचाई थी। फिल्म के माध्यम से न केवल हत्याकांड की घटनाओं को प्रभावी ढंग से दिखाया गया है, बल्कि उससे जुड़े कई अनछुए पहलुओं और आरोपियों की भूमिका को भी सामने लाने की कोशिश की गई है।

फिल्म का निर्माण व्हाय आर फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले किया गया है। निर्माता-निर्देशक हेमलाल चतुर्वेदी की यह फिल्म लगभग दो वर्ष पहले बनकर तैयार हो चुकी थी, लेकिन सत्य घटनाओं पर आधारित होने के कारण आवश्यक नियमों और औपचारिकताओं की वजह से इसकी रिलीज में विलंब हुआ।

फिल्म के निर्माता-निर्देशक हेमलाल चतुर्वेदी एवं राष्ट्रबोध के संपादक पवन केसवानी ने आज रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी से भेंट कर फिल्म की विषय-वस्तु और इसकी उपयोगिता पर चर्चा की। इस अवसर पर प्रेस क्लब में अध्यक्ष मोहन तिवारी, कोषाध्यक्ष दिनेश यादव, संयुक्त सचिव भूपेन जांगड़े तथा वरिष्ठ पत्रकारों की मौजूदगी में फिल्म "बीरनपुर फाइल्स" का पोस्टर भी लॉन्च किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित