धार , मार्च 01 -- मध्यप्रदेश में धार जिले की कुक्षी तहसील के बाकी घाट क्षेत्र में शनिवार देर रात बीयर से भरा एक ट्राला अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और वाहन में रखी बीयर की पेटियां ले जाने लगे। पुलिस के पहुंचने पर कुछ लोगों ने पथराव भी किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्राला क्रमांक एमपी-69 एच-7121 इंदौर वेयरहाउस से बीयर भरकर सिया इंटरप्राइजेज चांदपुर, आलीराजपुर की दुकान के लिए रवाना हुआ था। वाहन में माउंट बीयर की पेटियां लदी थीं और उसके पास परिवहन का वैध परमिट था। बाग के पास बाकी घाट में वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे के बाद आसपास के गांवों के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और बीयर की पेटियां ले जाने लगे। सूचना मिलने पर बाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कुछ ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिससे दो वाहनों के कांच क्षतिग्रस्त हो गए। स्थिति को देखते हुए टांडा थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
लूटपाट की सूचना पर एसडीओपी कुक्षी सुनील गुप्ता और कुक्षी थाना प्रभारी राजेश यादव भी घटनास्थल पहुंचे। पुलिस के अनुसार करीब 300 पेटियां ले जाई गईं। पर्याप्त पुलिस बल पहुंचने के बाद ग्रामीण मौके से भाग गए।
घटनास्थल पर ही दूसरा वाहन बुलाकर शेष बची पेटियों को उसमें स्थानांतरित किया गया। पुलिस की मौजूदगी में बीयर की पेटियां सुरक्षित रूप से दूसरे वाहन में भरकर बाग थाने पर खड़ा कराया गया है। बताया गया है कि आवश्यक औपचारिकताओं के बाद वाहन को निर्धारित मार्ग पर रवाना किया जाएगा। थाना प्रभारी कैलाश चौहान ने बताया कि ट्राला अनियंत्रित होकर पलटा था। कुछ पेटियां ग्रामीण ले गए हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित