भरतपुर , अप्रैल 04 -- राजस्थान में डीग के जिला अस्पताल में शनिवार को एक बुजुर्ग को अपनी बीमार पत्नी को स्ट्रेचर के बजाय साइकिल पर बैठाकर आपातकालीन वार्ड से बाहर ले जाता देख लोगों का गुस्सा भड़क गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अस्पताल की इस अव्यवस्था को लेकर मौके पर मौजूद लोगों ने अस्पताल प्रशासन को खूब खरी खोटी भी सुनाई। घटना का एक वीडियो भी सोशल मिडिया पर वायरल किया गया है।

मामले के तूल पकड़ने पर अस्पताल प्रशासन ने अपनी अव्यवस्थाओं पर पर्दा डालते बताया कि अस्पताल प्रशासन मरीजों के परिजनों को साइकिल या मोटरसाइकिल को अस्पताल के वार्ड में अंदर तक लाने से नहीं रोक सकते, क्योंकि मरीजों के परिजनों को अस्पताल परिसर से वाहन चोरी होने का डर सताता है।

अस्पताल प्रशासन का यह भी कहना है कि अस्पताल के भीतर स्ट्रेचर-वीलचेयर की उपलब्धता के बावजूद लोग अपने निजी वाहनों को ही वार्ड के अंदर तक ले जा रहे हैं जिसे रोकने में अस्पताल प्रबंधन पूरी तरह लाचार है। अस्पताल प्रशासन के इस बयान को लोगों ने नकारते हुए कहा है कि प्रबंधन की कमी को मरीजों के सिर नहीं थोपना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित