नयी दिल्ली , जनवरी 27 -- दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव इलाके में दिल्ली पुलिस के एक बीट ऑफिसर से उसकी सर्विस पिस्टल छीनकर उस पर फायरिंग करने के मामले में शामिल दो आरोपियों को दिल्ली पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

यह घटना पिछले सप्ताह गुरुवार दोपहर करीब 2.20 बजे की है, जब सफदरजंग एन्क्लेव थाना क्षेत्र का एक बीट पुलिसकर्मी पार्क इलाके में गश्त कर रहा था। इसी दौरान पास के जंगल क्षेत्र में कुछ संदिग्ध लोगों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचा। पुलिस के अनुसार, वहां दो युवक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए गए।

पूछताछ के दौरान दोनों ने पुलिसकर्मी पर हमला कर उसे काबू में कर लिया और उसकी सर्विस पिस्टल छीन ली। इसके बाद आरोपियों में से एक ने पुलिसकर्मी पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गया। हालांकि, पुलिसकर्मी इस हमले में बाल-बाल बच गया।

शिकायत के आधार पर एक एफआईआर दर्ज की गई, और दक्षिण-पश्चिम जिले के वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में कई टीमें बनाई गईं।

दक्षिण-पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घटना के आधार पर मामला दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कई टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान पुलिस ने दक्षिण दिल्ली के विभिन्न इलाकों में लगे करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सर्विलांस किया। जांच में एक आरोपी की पहचान अविनाश उर्फ जानू के रूप में हुई, जो लूट और झपटमारी के कई मामलों में वांछित और कुख्यात अपराधी है।

श्री गोयल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उसकी लोकेशन ट्रेस करने के बाद दिल्ली पुलिस की ऑपरेशन सेल, सफदरजंग एन्क्लेव पुलिस और टुंडला पुलिस (उत्तर प्रदेश) की संयुक्त टीम ने फिरोजाबाद जिले में दबिश दी।

मंगलवार को आरोपी को टुंडला के ओल्ड बायपास रोड के पास स्कूटर पर आते हुए देखा गया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर उसने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिसकर्मी बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से सुरक्षित रहे, जबकि आरोपी के घुटनों में गोली लगने से वह घायल हो गया और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित