मुंबई , जनवरी 31 -- बॉलीवुड अभिनेत्री कुब्रा सैत ने फ़िल्म 'देवा' के एक साल पूरे होने का जश्न मना रही हैं।

फिल्म 'देवा' की रिलीज़ को एक साल पूरा होने पर कुब्रा सैत उस प्रोजेक्ट को याद कर रही हैं जिसने उन्हें गहराई से चुनौती दी और एक कलाकार ही नहीं, एक इंसान के तौर पर भी उन्हें गढ़ा। फ़िल्म की पहली सालगिरह के मौके पर कुब्रा उस सफ़र पर नज़र डाल रही हैं, जिसने वास्तविक लोकेशन्स में लंबे शूटिंग दिनों के साथ उनके भावनात्मक धैर्य की परीक्षा ली और उन्हें आगे बढ़ने में सहयोग दिया।

कुब्रा ने कहा, " फ़िल्म देवा ने मुझे थोड़ा तोड़ा और बहुत कुछ बना दिया। 'देवा' की शूटिंग लगभग एक साल चली, जिसमें इंतज़ार, चीज़ों को समझने की कोशिश और असली थकान से जूझना शामिल था। लेकिन एक सच ये भी है कि मुश्किल हालात अजीब तरह से आप पर काम करते हैं। वे आपको मज़बूत बनाते हैं, गहरे रिश्ते बनाते हैं और ख़ुद के साथ एक सशक्त रिश्ता बनाने के लिए मजबूर करते हैं।"'देवा' के एक साल पूरे होने के साथ यह फ़िल्म कुब्रा के लिए इसलिए भी ख़ास है क्योंकि यह 2025 की उनकी पहली थिएट्रिकल रिलीज़ रही। यह एक ऐसा मुकाम है, जो सिर्फ़ पेशेवर उपलब्धि नहीं, बल्कि निजी विकास से भी जुड़ा है।

फ़िल्म की सालगिरह पर कुब्रा 'देवा' की पूरी टीम का, ख़ासकर रॉय कपूर फ़िल्म्स का, दिल से शुक्रिया अदा करती हैं। उस सफ़र के लिए जिसने उन्हें और मज़बूत, ज़मीन से जुड़ा और निस्संदेह बदला हुआ इंसान बनाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित