बीजापुर , अप्रैल 06 -- त्तीसगढ़ में बीजापुर जिला कांग्रेस समिति ने रेत के कथित अवैध उत्खनन और परिवहन के मुद्दे को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग की है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष लालू राठौर के नेतृत्व में दिए गए इस ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर नियमों को दरकिनार कर रेत का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है, जिससे शासन और पंचायतों को भारी राजस्व हानि हो रही है।
ज्ञापन के बारे में स्थानीय विधायक विक्रम मंडावी ने बताया कि विकासखण्ड भोपालपटनम के अंतर्गत ग्राम तारलागुड़ा, भद्राकाली, अटूकपल्ली, चंदूर, तिमेड़ सहित भैरमगढ़ ब्लॉक के मिंगाचल क्षेत्र और इंद्रावती नदी के किनारे अवैध तरीके से रेत का उत्खनन किया जा रहा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि यह कार्य ग्राम पंचायतों के माध्यम से होना चाहिए, लेकिन कुछ प्रभावशाली भाजपा नेताओं और ठेकेदारों द्वारा दबाव बनाकर खदानों पर कब्जा किया गया है।
ज्ञापन में गोपाल सिंह पवार, अभिषेक ठाकुर, बी. गौतम राव, टी. गोवर्धन राव, चिन्ना तेलम और विज्जा कोरसा के नाम का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि इन लोगों द्वारा सत्ता का दुरुपयोग कर पंचायत प्रतिनिधियों को डराया-धमकाया जा रहा है और अवैध उत्खनन व परिवहन को अंजाम दिया जा रहा है। आरोप है कि एक ही रॉयल्टी पर्ची पर कई ट्रकों से रेत का परिवहन किया जा रहा है, जिससे रॉयल्टी चोरी हो रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित