बीजापुर , नवंबर 13 -- छत्तीसगढ़ में बीजापुर के मिनी स्टेडियम में गुरुवार को जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक खेलों का शुभारंभ हुआ।

उद्घाटन समारोह में चारों विकासखंडों से पहुंचे खिलाड़ियों के उत्साह और जोश ने पूरे मैदान में जीवंतता भर दी।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, नगरपालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनूजा सलाम और संयुक्त कलेक्टर जागेश्वर कौशल सहित जिले के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ परंपरागत रूप से दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

मुख्य अतिथि महेश गागड़ा ने अपने संबोधन में कहा, "बस्तर ओलंपिक का उद्देश्य इस अंचल के युवाओं की प्रतिभा को निखारना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। यह कार्यक्रम न केवल खेलों को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक एकता को भी मजबूत कर रहा है।"खेल प्रतियोगिताओं के पहले दिन खो-खो, कबड्डी, रस्साकसी और वॉलीबॉल जैसे पारंपरिक खेलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं एजुकेशन सिटी खेल एकेडमी में तीरंदाजी, लंबी दौड़ और रिले रेस सहित विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं ने दर्शकों को रोमांचित किया।

संचालक तनूजा सलाम ने कहा, "हमने इस आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। जिले के सुदूर अंचलों से आए खिलाड़ियों के लिए रहने, खाने-पीने और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष प्रबंध किया गया है।"बस्तर ओलंपिक के इस संस्करण में सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी विशेष स्थान दिया गया है। रात में स्थानीय लोक कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य और संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। जिला खेल अधिकारी नारायण प्रसाद गवेल ने बताया कि यह आयोजन 15 नवंबर तक चलेगा और विजेताओं को पुरस्कार वितरण समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित