बीजापुर , अप्रैल 29 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने करीब एक माह से फरार मुख्य आरोपी आकाश ठाकुर को दंतेवाड़ा जिले से गिरफ्तार किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी कारवॉश सेंटर की आड़ में सूखे नशे का अवैध कारोबार संचालित कर रहा था। पूर्व में की गई कार्रवाई के दौरान उक्त केंद्र से गोली, कैप्सूल और थिनर जैसी नशीली सामग्री बरामद की गई थी। इस मामले में आरोपी के सहयोगी धर्मेंद्र कुमार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दंतेवाड़ा में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा। मामले में शामिल अन्य सहयोगियों और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में सूखे नशे के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और कई व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित