बीजापुर, सितंबर 26 -- बीजापुर जिले के थाना पामेड़ और केरिपु 228 वाहिनी की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए दो सक्रिय माओवादियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक संयुक्त टीम द्वारा पोलमपल्ली क्षेत्र में नक्सल विरोधी गश्ती अभियान के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को घेर कर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान वंजाम हुंगा (35 वर्ष) और सोढ़ी नंदे (33 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दोनों ग्राम पोलमपल्ली के निवासी और माओवादी संगठन के जनमिलिशिया सदस्य बताए जा रहे हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की सूचना के आधार पर पडालू के जंगल क्षेत्र से छह भरमार बंदूक बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि ये हथियार माओवादी संगठन को आपूर्ति के लिए संग्रहित किए गए थे।

थाना पामेड़ में आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है और उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।अदालती आदेश के बाद दोनों ही नक्सलियों को जेल भेजा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित