भुवनेश्वर , मार्च 21 -- ओडिशा में मुख्य विपक्षी दल बीजू जनता दल (बीजद) ने हाल ही में हुए राज्यसभा चुनावों में क्रॉस वोटिंग सहित कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने को लेकर शनिवार को अपने छह विधायकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक द्वारा जारी एक आदेश के अनुसार, यह कार्रवाई पार्टी की अनुशासन समिति की सिफारिशों और राजनीतिक सलाहकार समिति के निर्णय के बाद की गई है।
इससे पहले, मुख्य सचेतक प्रमिला मलिक ने विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था, जिसमें उन पर राज्यसभा चुनाव के दौरान पार्टी लाइन की अवहेलना करने का आरोप लगाया गया था।
विधायकों ने अपने जवाब में नोटिस को 'अवैध, मनमाना, निराधार और असंवैधानिक' बताया और उन्हें वापस न लेने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी।
निलंबित विधायक चक्रमणि कंहर (बालीगुडा), नबा किशोर मलिक (जयदेव), सौविक बिसवाल (चौद्वार-कटक), सुभासिनी जेना (बस्ता), रमाकांत भोई (तिरतोल) और देवी रंजन त्रिपाठी (बांकी) हैं।
आदेश में श्री पटनायक ने कहा कि विधायकों ने सामूहिक निर्णयों का पालन नहीं करने और क्रॉस वोटिंग में शामिल होकर पार्टी के मूल सिद्धांतों का उल्लंघन किया है।
इससे पहले, बीजद ने इसी तरह के आरोपों में दो अन्य विधायकों अरबिंद महापात्र और सनातन महाकुड को निलंबित किया था। ताजा कार्रवाई के साथ निलंबित विधायकों की कुल संख्या आठ हो गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित