ओडिशा , फरवरी 28 -- बीजू जनता दल (बीजद) ने अगले महीने होने वाले राज्यसभा चुनावों के लिए अपने दो उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है।

पार्टी ने 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए डॉ. दत्तेश्वर होता और डॉ. संतृप्त मिश्रा उम्मीदवार बनाया है। डॉ. होता एक जाने-माने चिकित्सक हैं और उनके पास स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में कई दशकों का अनुभव है। वहीं, डॉ. मिश्रा उद्योग जगत से जुडी शख्सियत हैं।

ओडिशा में राज्यसभा की चार सीटों पर 16 मार्च को चुनाव होने वाला है। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि पांच मार्च है। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच छह मार्च को होगी, जबकि नौ मार्च तक नाम वापस वापस लिये जा सकेंगे।

गौरतलब है कि बीजद के सर्वश्री निरंजन बिशी और मुन्ना खान तथा भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के सर्वश्री सुजीत कुमार और ममता मोहंता का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो रहा है। इस लिए राज्य में इन चार सीटों पर चुनाव कराना पड़ रहा है।

ओडिशा में 147 सदस्यीय विधानसभा के आंकड़ों के मुताबिक बीजद को एक सीट पक्की मानी जा रही है, जबकि सत्तारूढ़ भाजपा की दो सीटों पर जीत तय मानी जा रही है। चौथी सीट के लिए किसी भी दल के पास जरूरी 30 प्रथम वरीयता वोट नहीं हैं। मौजूदा समय में भाजपा के पास 79 विधायक हैं और उसे तीन निर्दलीय विधायकों का समर्थन मिलाकर कुल संख्या 82 हो जाती है, जो तीसरी सीट जीतने के लिए आवश्यक आंकड़े से आठ कम है।

वहीं, बीजद के पास दो विधायकों के निलंबन के बाद 48 विधायक रह गए हैं। एक सीट जीतने के बाद उसके पास 18 प्रथम वरीयता वोट बचेंगे, जबकि दूसरी सीट जीतने के लिए उसे 12 और वोटों की जरूरत होगी। कांग्रेस के पास 14 विधायक हैं, जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का एक विधायक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित